Nitish Kumar: कैबिनेट बैठक के बाद नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल से की मुलाकात

3 Min Read

Nitish Kumar:

पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के तीन दिन बाद राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने से पहले उन्होंने अपनी सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक की, जिसमें मंत्रिमंडल भंग करने का प्रस्ताव पास हुआ। बैठक के तुरंत बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने उनसे नई सरकार बनने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है।

भारी जीत के बाद भी NDA में CM का सवाल:

बिहार चुनाव में 14 नवंबर को आए नतीजों में एनडीए ने भारी जीत दर्ज की। बीजेपी को सबसे ज्यादा सीटें मिलीं, जबकि आरजेडी के नेतृत्व वाला महागठबंधन करारी हार से जूझ रहा है। नतीजों के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा।सूत्रों के अनुसार, अधिक सीटें लाने के बावजूद बीजेपी मुख्यमंत्री पद नीतीश कुमार को सौंप सकती है। चर्चा है कि वे 20 नवंबर को 10वीं बार CM पद की शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रह सकते हैं। उनके साथ लगभग 31 नए मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।

कैबिनेट में सीटों का संभावित बंटवारा:

HAM प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के अनुसार, नई सरकार में लगभग 35-36 मंत्री शामिल होंगे। इनमें 15-16 मंत्री बीजेपी के, 13-14 जेडीयू के, LJP(R) के 3, तथा HAM और RLN से 1-1 मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

नीतीश कुमार के इस्तीफों का इतिहास:

नीतीश कुमार 2000 से अब तक 9 बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं और कई बार इस्तीफा देकर नए गठबंधन के साथ वापसी करते रहे हैं। 2000, 2005, 2010, 2015, 2017, 2020, 2022 और 2024 में सत्ता परिवर्तन के बाद वे अलग-अलग गठबंधनों के सहारे मुख्यमंत्री पद पर लौटते रहे।अब यह देखना राजनीतिक रूप से अहम होगा कि क्या नीतीश कुमार 10वीं बार सत्ता संभालेंगे या कोई नया चेहरा सामने आएगा।

Share This Article