Nitish cabinet meeting:
पटना, एजेंसियां। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज राज्य मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में सुबह 11:30 बजे शुरू होगी। नई सरकार के गठन के बाद यह कैबिनेट की तीसरी बैठक है, जिसमें राज्य के सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दिए जाने की संभावना है।
रोजगार और युवाओं पर रहेगा फोकस
इस कैबिनेट बैठक पर खासतौर पर नौकरी, रोजगार और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े फैसलों को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि सरकार युवाओं के हित में कुछ बड़े निर्णय ले सकती है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और विकास योजनाओं को रफ्तार मिले।
पिछली बैठक में लिए गए थे बड़े फैसले
गौरतलब है कि 9 दिसंबर को हुई पिछली कैबिनेट बैठक में सरकार ने 19 प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इसमें पहले से कार्यरत 45 विभागों के साथ-साथ तीन नए विभागों के गठन को स्वीकृति दी गई थी। इन नए विभागों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार, नौकरी और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही राज्य में विभागों की कुल संख्या बढ़कर 48 हो गई है।
स्वतंत्र होगा युवा, रोजगार और कौशल विभाग
सरकार ने युवा, रोजगार और कौशल विभाग को पहले श्रम संसाधन विभाग से जोड़ रखा था, लेकिन अब इसे स्वतंत्र विभाग बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग के जरिए रिसर्च और प्रोफेशनल कोर्सेज को बढ़ावा देने की योजना है।
कर्मचारियों और शहीद परिवारों को राहत
पिछली बैठक में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने का फैसला लिया गया था। वहीं ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए बीएसएफ जवान मोहम्मद इम्तियाज के बेटे को नौकरी देने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। इसके अलावा रोहतास जिले के खाद निगम के तत्कालीन जिला प्रबंधक सुधीर कुमार को सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी दी गई थी।








