Patna shop rents rise: पटना में घर-दुकान का किराया हुआ महंगा

2 Min Read

Patna shop rents rise

पटना, एजेंसियां। बिहार की राजधानी पटना में किराये पर घर या दुकान लेना अब महंगा हो सकता है। पटना नगर निगम ने शहर की सड़कों का नया वर्गीकरण किया है, जिससे जमीन की कीमत और होल्डिंग टैक्स दोनों में बढ़ोतरी होगी। नगर निगम ने 19 प्रमुख सड़कों को अपग्रेड कर प्रधान मुख्य सड़क की श्रेणी में शामिल किया है।

112 सड़कें 2 श्रेणियों में बंटीः

नगर निगम द्वारा तैयार की गई सूची के अनुसार, शहर की कुल 112 सड़कों को दो श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 43 सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क और 69 सड़कों को मुख्य सड़क की कैटेगरी में रखा गया है। इस फैसले का सीधा असर जमीन के बाजार मूल्य, खरीद-बिक्री और आवासीय व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के होल्डिंग टैक्स पर पड़ेगा।

सड़कों का पुनर्वर्गीकरणः

नगर विकास एवं आवास विभाग से मंजूरी मिलने के बाद सड़कों का पुनर्वर्गीकरण किया गया है। पहले शहर में 24 प्रधान मुख्य सड़कें और 88 मुख्य सड़कें थीं, लेकिन अब कई प्रमुख इलाकों की सड़कों को प्रधान मुख्य सड़क में शामिल कर दिया गया है। इनमें कंकड़बाग, किदवईपुरी, कांग्रेस मैदान, बुद्ध मार्ग, आशियाना-दीघा रोड, अशोक राजपथ और हनुमान नगर रोड शामिल हैं।

ये है वर्गीकरण का आधारः

नई व्यवस्था के तहत सड़क की चौड़ाई के आधार पर वर्गीकरण किया गया है। 40 फीट से अधिक चौड़ी सड़क को प्रधान मुख्य सड़क, 20 से 40 फीट चौड़ी सड़क को मुख्य सड़क और 20 फीट से कम चौड़ी सड़क को अन्य सड़क की श्रेणी में रखा गया है। नगर निगम अब हर पांच साल में सड़कों के वर्गीकरण की समीक्षा करेगा और जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव भी करेगा।

Share This Article