Vijay Sinha:
पटना/लखीसराय,एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच, लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित तौर पर हमला किया गया।घटना गुरुवार को तब हुई जब विजय सिन्हा अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों से मतदान की स्थिति का जायजा ले रहे थे। इस दौरान कथित रूप से राजद समर्थकों ने उनके काफिले को घेर लिया। उन्होंने नारेबाजी की, “मुर्दाबाद” के नारे लगाए और उपमुख्यमंत्री की गाड़ी पर चप्पलें फेंकीं। कुछ लोगों ने गाड़ी पर कीचड़ भी फेंका, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद थे:
पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने स्थिति को संभाला और भीड़ को तितर-बितर किया। हालांकि, घटना के दौरान तनाव बना रहा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय सिन्हा ने कहा, “ये राजद के गुंडे हैं। एनडीए की बढ़त से विपक्ष घबरा गया है। मुझे गांवों में जाने से रोका जा रहा है। ये लोकतंत्र पर हमला है।”सिन्हा ने आगे आरोप लगाया कि आरजेडी कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ उन पर हमला किया, बल्कि उनके पोलिंग एजेंट को भी मतदान केंद्र से भगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी हार की आशंका से बौखला गया है और अब हिंसा का सहारा ले रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और दोषियों की पहचान की जा रही है।लखीसराय सीट से विजय कुमार सिन्हा भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वह वर्तमान में बिहार के उपमुख्यमंत्री हैं और एनडीए के प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते हैं। इस हमले ने पहले चरण के मतदान के बीच राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
इसे भी पढ़ें
Vijay Sinha: बिहारः वोटर लिस्ट में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का नाम 2 जगह, मचा सियासी घमासान
