Bihar government:
पटना, एजेंसियां। बिहार सरकार ने सरकारी सेवकों की असामयिक मृत्यु के बाद उनके आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की पूरी प्रक्रिया को अब डिजिटल किया है। इसके लिए सरकार ने नया ऑनलाइन पोर्टल ‘अनुकंपा नियुक्ति और निगरानी प्रणाली’ विकसित किया है, जिसे 26 सितंबर से सक्रिय किया जाएगा। पोर्टल का उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और न्यायसंगत बनाना है।
इस पोर्टल के माध्यम से मृतक सरकारी सेवक के योग्य आश्रित सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की प्रत्येक चरण की निगरानी पोर्टल पर ही की जा सकेगी, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। पहले आवेदन भौतिक रूप से भी किए जा सकते थे, लेकिन 26 सितंबर के बाद केवल ऑनलाइन आवेदन पर ही विचार किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने बताया कि यह पहल मृतक सरकारी सेवक के परिवार को समय पर राहत पहुंचाने और पूर्व की अनावश्यक देरी को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई है।
पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित
नई प्रणाली केवल सहानुभूति प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय और समानता की भावना को भी बढ़ावा देती है। इसमें मृतक कर्मचारी के परिवार के उम्मीदवार की योग्यता की समीक्षा के बाद उन्हें नौकरी प्रदान की जाती है। नियुक्ति के बाद पदधारी की नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि कार्य निष्पादन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ हो।
ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यशाला
सभी नोडल पदाधिकारियों को पोर्टल का उपयोग आसान बनाने के लिए यूजर मैनुअल और प्रोसेस फ्लो चार्ट उपलब्ध कराए गए हैं। 7 अक्टूबर को सभी नोडल अधिकारियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। बिहार सरकार का यह डिजिटल प्रयास शासन-प्रशासन में सरलता, पारदर्शिता और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस पहल से न केवल मृतक सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को राहत मिलेगी, बल्कि सरकारी सेवाओं में विश्वास और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
इसे भी पढ़ें








