Chirag Paswan: चिराग पासवान का ऐलान 28 नवंबर को भव्य स्थापना दिवस, जनता से संवाद और दलित सेना के पुनर्गठन पर रहेगा फोकस

2 Min Read

Chirag Paswan:

पटना, एजेंसियां। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में नई सरकार बनने के बाद आज पटना स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी पहले से चार गुना तेजी और समर्पण के साथ जनता के बीच काम करेगी। विधानसभा में जनहित से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे को मजबूती से उठाने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आम लोगों की आवाज बनेगी।

28 नवंबर को भव्य स्थापना दिवस, जनता से संवाद की नई शुरुआत:

चिराग पासवान ने घोषणा की कि 28 नवंबर को पार्टी का स्थापना दिवस इस बार बेहद भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम को जनता से प्रत्यक्ष संवाद की नई शुरुआत के रूप में चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार आम जनता के बीच जाएगी और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनेगी और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।

दलित सेना का पुनर्गठन होगा, SC/ST समुदाय की आवाज उठेगी:

चिराग पासवान ने बताया कि दिवंगत राम विलास पासवान द्वारा बनाई गई दलित सेना का पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भी दलित समुदाय के साथ दुर्व्यवहार और जातीय भेदभाव की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिनसे निपटने के लिए दलित सेना को फिर से सक्रिय और सशक्त बनाया जाएगा।

गठबंधन में सीमाएं, लेकिन आगे काम होगा “पूरी शक्ति” के साथ:


चिराग ने स्वीकार किया कि गठबंधन सरकार में कुछ सीमाएं थीं, जिसके कारण अपेक्षानुसार काम नहीं हो पाया। लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में हर मुद्दे पर पूरी ताकत से काम किया जाएगा और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Share This Article
Exit mobile version