Nitish Kumar Rajya Sabha nomination: राज्यसभा के लिए नीतीश का नामांकन, बिहार की सियासत में मचा घमासान

3 Min Read

Nitish Kumar Rajya Sabha nomination

पटना, एजेंसियां। बिहार की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उन्होंने पटना स्थित विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह , भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार भी मौजूद रहे।नामांकन के दौरान राजनीतिक माहौल काफी गर्म रहा और इसे बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।

अमित शाह ने की नीतीश की तारीफ

नामांकन के बाद अमित शाह ने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक करियर की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पन्नों में दर्ज होगा। शाह ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में राज्य को “जंगलराज” से बाहर निकालने का काम किया और विकास को नई गति दी।उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने गांवों तक सड़क पहुंचाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। अमित शाह के मुताबिक इतने लंबे राजनीतिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री जैसे कई पदों पर रहते हुए भी उनके ऊपर कभी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

नीतीश बोले- नई सरकार को पूरा समर्थन

नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपनी भावना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत की थी, तभी उनके मन में यह इच्छा थी कि वह बिहार विधानसभा के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें।इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वह इस बार राज्यसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा।

तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता Tejashwi Yadav ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में “महाराष्ट्र मॉडल” लागू किया गया है और भाजपा ने नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से दबाव में लाकर इस्तीफा देने की स्थिति में पहुंचा दिया। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को कमजोर कर देती है और इस मामले में भी पार्टी ने नीतीश कुमार को “हाईजैक” कर लिया है।

Share This Article