Nitish Kumar statement
पटना, एजेंसियां। बिहार के CM नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने इसका ऐलान खुद अपने एक्स पर किया है। नीतीश कुमार ने लिखा है कि, ‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा।
आज कर सकते हैं नामांकन
विधानसभा में नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, निशांत और मनीष वर्मा का NR (नॉमिनेशन रिसीप्ट) कटा है। नीतीश कुमार आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन कर सकते हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी मौजूद रहने की उम्मीद है। अमित शाह आज पटना पहुंचेंगे।
कार्कर्ता कर रहे विरोध
इधर सीएम नीतीश के राज्यसभा के लिए नामांकन की खबरों की बीच जदयू कार्यकर्ता सीएम हाउस पहुंचने लगे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि, नीतीश कुमार बिहार के हैं। उन्हें कहीं नहीं जाने देंगे। हम अपनी जान दे देंगे। CM हाउस के बाहर कार्यकर्ता रो रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने CM हाउस जा रहे बीजेपी कोटे के मंत्री सुरेंद्र मेहता, JDU MLC संजय गांधी और JDU विधायक प्रेम मुखिया को भगा दिया।








