Bihar Congress:
पटना, एजेंसियां। बिहार कांग्रेस में अंदरूनी विवाद सतह पर आ गया है। पार्टी में बगावत के हालात हैं। नाराज कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ये उन दोनों को ही हटाने की मांग कर रहे हैं। अपनी मांग को लेकर ये सभी नेता दिल्ली पहुंच गये हैं और राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखेंगे।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आनंद माधव, पूर्व विधायक छत्रपति यादव सहित करीब आधा दर्जन नाराज नेता सोमवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। इन नेताओं ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है।
टिकट बेचने का आरोपः
असंतुष्ट खेमे की मुख्य मांग प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को हटाने की है। नाराज कांग्रेसियों का आरोप है कि दोनों नेताओं ने टिकट वितरण में गड़बड़ी की और “टिकट बेचने” जैसी गतिविधियों में शामिल रहे।
कांग्रेस के 7 नेता 6 साल के लिए निष्कासितः
उधर, पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए बिहार कांग्रेस ने सात नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। निष्कासित नेताओं में कांग्रेस सेवा दल के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्य पासवान, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष शकीलुर रहमान, किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार राजन, अति पिछड़ा विभाग के पूर्व अध्यक्ष कुंदन गुप्ता, बांका जिला कांग्रेस अध्यक्ष कंचना कुमारी और नालंदा के रवि गोल्डन शामिल हैं।







