Bulletproof Range Rover
पटना, एजेंसियां। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही हाईटेक और बुलेटप्रूफ रेंज रोवर में सफर करते नजर आएंगे। बता दें मुख्यमंत्री की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार करीब 2.5 करोड़ रुपये की रेंज रोवर खरीदने जा रही है। खास बात यह है कि काफिले में सिर्फ एक या दो नहीं, बल्कि चार नई गाड़ियां शामिल की जाएंगी। इसके लिए खरीद प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अब तक किन गाड़ियों से करते रहे हैं सफर
फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में यात्रा के लिए हुंडई आयोनिक 5 का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, पटना से बाहर के दौरों में वे टाटा सफारी बुलेटप्रूफ वाहन से सफर करते रहे हैं। लेकिन बढ़ती सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए अब रेंज रोवर को काफिले में शामिल करने का फैसला लिया गया है।
क्यों खरीदी जा रही है रेंज रोवर
यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रेंज रोवर जैसी लग्जरी और हाई-एंड SUV में सफर करेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला किसी शौक या लग्जरी के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षा कारणों से लिया गया है, ताकि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किया जा सके।
अत्याधुनिक फीचर्स से लैस गाड़ी
अधिकारियों के अनुसार, रेंज रोवर दुनिया की सबसे सुरक्षित और अत्याधुनिक तकनीक से लैस गाड़ियों में गिनी जाती है। इसमें बुलेटप्रूफ बॉडी, एडवांस सेफ्टी फीचर्स और हाईटेक टेक्नोलॉजी मौजूद होती है। इसी वजह से देश के कई बड़े नेता इस गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं। सूत्रों के मुताबिक, गाड़ियों की खरीद प्रक्रिया तेजी से चल रही है और जल्द ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नए बुलेटप्रूफ रेंज रोवर काफिले के साथ सफर करते दिखाई देंगे।
