Bihar Assembly session:
पटना, एजेंसियां। नई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 25 नवंबर को अपनी पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक का मुख्य फोकस रोजगार सृजन रहा। राज्य सरकार ने बंद पड़ी 25 चीनी मिलों को पुनः चालू करने पर सहमति जताई है। सरकार का मानना है कि इन मिलों के पुनरुद्धार से न सिर्फ आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी, बल्कि हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी मिलेगा।
सरकार का यह कदम चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से बंद मिलों को फिर से संचालन योग्य बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी और वित्तीय योजनाओं पर जल्द काम शुरू होगा।
1 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का पहला सत्र:
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि बिहार विधानसभा का सत्र 1 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा। यह 18वीं विधानसभा का पहला सत्र होगा। सत्र की शुरुआत में प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव सभी 243 नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। उसके बाद नई विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा।
संसदीय कार्य विभाग के अनुसार, सत्र के दौरान पांच बैठकों की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
नई सरकार की यह शुरुआती बैठकों और फैसलों की श्रृंखला संकेत देती है कि वह रोजगार, उद्योग और प्रशासनिक सुधारों को प्राथमिकता देकर तेज गति से कार्य प्रारंभ करना चाहती है।







