Arun Kumar LJP victory: बख्तियारपुर सीट पर LJP के अरुण कुमार ने महागठबंधन को पछाड़ा, जीत लगभग तय

2 Min Read

Arun Kumar LJP victory:

पटना,एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के शुरुआती रुझानों में बख्तियारपुर सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अरुण कुमार ने महागठबंधन को पीछे छोड़ते हुए भारी बढ़त बनाई है। सातवें राउंड तक अरुण कुमार 28,208 वोट लेकर आगे हैं, जबकि उनके सबसे नजदीकी प्रतिद्वंद्वी, राजद के अनिरुद्ध कुमार, 19,013 वोटों पर हैं। इस समय अरुण कुमार की बढ़त लगभग 9,195 वोटों की है, जो अन्य सभी उम्मीदवारों से काफी अधिक है। इससे साफ संकेत मिलता है कि बख्तियारपुर सीट पर जीत उनकी झोली में लगभग तय है।

कौन कौन है यहां के उम्मीदवार?

अनिरुद्ध कुमार के अलावा बाल्मीकी सिंह (जनसुराज पार्टी), दीपक भाई पटेल (BSP) और अन्य सभी उम्मीदवार अरुण कुमार के मुकाबले काफी पीछे चल रहे हैं। इस बढ़त ने चिराग पासवान और उनकी पार्टी LJP के लिए बिहार विधानसभा में एक महत्वपूर्ण सफलता की उम्मीद को बढ़ा दिया है।इस बार LJP 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और NDA के साथ गठबंधन में उतरी है। पार्टी को पटना, मुजफ्फरपुर, गया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, वैशाली, रोहतास, नवादा, सारण, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, सहरसा, सिवान, बेगूसराय, भागलपुर, बक्सर, जहानाबाद और औरंगाबाद जिलों में उम्मीदवार खड़े करने का मौका मिला है।

पिछले चुनावों की तुलना जानिए इस बार का हाल:

पिछले चुनावों की तुलना करें तो 2020 में LJP ने 135 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन केवल बेगूसराय की मतिहानी सीट पर जीत दर्ज हुई थी। उस समय पार्टी को राज्य में 5.66 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, 2015 में LJP NDA का हिस्सा थी और उसे केवल दो सीटें मिली थीं। बख्तियारपुर में अरुण कुमार की यह बढ़त पार्टी के लिए 2025 में बड़ा राजनीतिक मोड़ साबित हो सकती है।इस प्रकार, NDA और LJP की गठबंधन रणनीति बख्तियारपुर में सफल दिख रही है, जबकि महागठबंधन अपने परंपरागत समर्थन के बावजूद इस सीट पर पिछड़ता नजर आ रहा है।

Share This Article