गया, एजेंसियां। लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को हाना है। इस चरण में बिहार में गया समेत चार लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।
मतदान को लेकर गया समाहरणालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। मतदान के दौरान वोटिंग की जानकारी, मतदान प्रतिशत समेत शिकायतों की जानकारी लेना और उसका निष्पादन कराना, काफी मुश्किल भरा काम होता है।
इसके लिए इस बार एक नयी पहल की गई है। पहली बार कंट्रोल रूम की पूरी जिम्मेदारी महिला पदाधिकारी और कर्मियों के जिम्मे होगी। इस बार गया में यह काम सिर्फ महिला पदाधिकारी और कर्मी ही करेंगी।
समाहरणालय के मीटिंग हॉल में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने खुद वहां बैठकर कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान से संबंधित बूथ की जानकारी संकलित करने का काम महिला पदाधिकारी व महिला कर्मी को सौंपा गया है।
19 अप्रैल को लोकतंत्र के महापर्व की पूरी तैयारी कर ली गई है। पोलिंग पार्टियां बुधवार से रवाना होने लगी हैं।
सभी पोलिंग पार्टी को डिस्पैच सेंटर से ईवीएम 18 अप्रैल को प्राप्त कराया जाएगा। इस कंट्रोल रूम से जिले के सभी नौ विधानसभा के मतदान की सूचना का आदान-प्रदान होगा।
कहीं से भी मिली शिकायत का त्वरित निवारण किया जाएगा। बूथ पर मतदान करवा रहे पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी से संवाद स्थापित करेंगे. सारे काम यहीं से इसी कंट्रोल रूम से करवाया जाएगा।
डीएम ने कहा कि उन्हें गर्व है कि महिलाओं के माध्यम से इस कंट्रोल रूम को संचालित किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें