Cyber thugs:
रांची। झारखंड में साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता रांची पुलिस को हाथ लगी है। साइबर थाना की टीम ने 15,000 म्यूल बैंक खातों की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल देशभर में चल रही साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जा रहा था। इस खुलासे के बाद सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड, 9 एटीएम कार्ड, 4 बैंक पासबुक, 9 चेकबुक और कई व्हाट्सएप चैट्स बरामद की हैं, जो इस नेटवर्क के संचालन की पुष्टि करते हैं।
निवेश के नाम पर ठगी, करोड़ों की ट्रांजेक्शन
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह निवेश के नाम पर लोगों को लालच देता था और फिर उनसे ठगी कर रकम इन फर्जी म्यूल खातों में ट्रांसफर कराता था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन खातों में से कम से कम 40 खातों में 10 लाख रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ है। इन सभी खातों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पूरे देश में फैला था नेटवर्क
यह साइबर नेटवर्क सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं था। बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सहित 14 अन्य राज्यों में भी यह सक्रिय था।
रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि ठगी की रकम आखिर किस-किस तक पहुंची और इसका मास्टरमाइंड कौन है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि साइबर अपराध का जाल देशभर में तेजी से फैल रहा है, और इसके खिलाफ राज्य पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़ें
Cyber crime : दुमका में सात साइबर अपराधी गिरफ्तार, संपत्ति होगी जब्त