रांची। होली के दिन रांची के बरियातू हाउसिंग कालोनी में कुछ आपराधिक तत्वों ने नशे में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया था। उसकी बुरी तरह से पिटाई की गई थी। फिर उसे मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गये थे।
परंतु बरियातू पुलिस ने उस युवक की जान बचा ली। न सिर्फ जान बचाई, बल्कि दो अपराधियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
यह घटना बरियातू हाउसिंग कॉलोनी स्थित रानी बागान साई कृपा अपार्टमेंट के निकट की है। यहां अपार्टमेंट के सामने रानी बागान रोड पर आदिवासी युवक दीपक पातर मुंडा को मरा समझ कर सड़क किनारे अपराधियों ने फेंक दिया।
लेकिन, रांची पुलिस उस युवक के लिए भगवान बनकर पहुंची और उसे एक नई जिंदगी दी। इतना ही नहीं रिम्स में डॉक्टरों की कमी होने पर रांची पुलिस ने अपने हांथो से इलाज भी किया।
फिलहाल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है। इस मामले में रांची पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
इस युवक जीवन दान देने में रांची सिटी एसपी राजकुमार मेहता और बरियातू थाना पुलिस का बड़ा योगदान है। बरियातू थाना प्रभारी के अंगरक्षक अजित कुमार और एक जवान ने खुद रिम्स में दीपक मुंडा का इलाज किया।
फिर नर्स के सहयोग से रिम्स के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया। अभी दीपक मुंडा रिम्स में इलाजरत और खतरे से बाहर है।
बरियातू पुलिस की टीम ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बरियातू हाउसिंग कॉलोनी निवासी सुनील कुमार सिंह और धुर्वा, सेक्टर-3 ए टाइप निवासी कुंदन साह को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दो अन्य अपराधियों के नाम का खुलासा हुआ है। इनमें सोनू सिंह और मनी मिश्रा का नाम शामिल है। पुलिस इनकी भी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि ये चारो युवक होली के दिन नशे में धुत थे और वहां रानी बागान रोड पर हंगामा कर रहे थे। वहां आसपास कालोनी के लोग भी होली खेल रहे थे, जिनमें कई महिलाएं भी थीं।
दीपक पातर मुंडा इसी साई कृपा अपार्टमेंट का गार्ड है। हंगामा कर रहे युवकों को उसने ऐसा करने से मना किया और कहा कि बच्चे यहां होली खेल रहे हैं।
इस पर इन युवकों ने दीपक पर हमला कर दिया और पत्थर से उसके सिर कई वार किये, जिससे दीपक का सिर फट गया और वह बुरी तरह से घायल हो गया।
इतना ही नहीं, हमलावर युवक उसे खींच कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, फिर उसे मरा समझ कर वहीं फेंक दिया और फरार हो गये। इसके बाद आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और घायल दीपक को रिम्स लेकर गई।
इसे भी पढ़ें
बिहारः लालू के चक्कर में चक्करघिन्नी बनें पप्पू यादव और कांग्रेस