रांची। झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस (आप्त सचिव) संजीव लाल सस्पेंड कर दिए गए हैं।
पिछले दिनों करोड़ों की कैश बरामदगी मामले में ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। न्यायिक हिरासत में जाने की सूचना के बाद सरकार की ओर से उन्हें सस्पेंड करने की कार्रवाई की गई है। इस संदर्भ में आज आदेश जारी कर दिया गया।
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की सहमति के बाद संजीव लाल को सस्पेंड कर दिया गया। कैश बरामदगी मामले में ईडी के हत्थे चढ़े संजीव लाल झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
आज शुक्रवार को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
बता दें कि झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल, सहायक जहांगीर आलम समेत अन्य के ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी।
उनके ठिकानों से करीब 39 करोड़ रुपए बरामद हुए हैं। 16 घंटे की कार्रवाई के बाद ईडी ने पिछले दिनों देर रात संजीव लाल एवं जहांगीर आलम को गिरफ्तार कर लिया था।
इसे भी पढ़ें