Shibu Soren:
रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन के निधन के बाद राज्य सरकार ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। झारखंड सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 4 से 6 अगस्त 2025 तक यह शोक अवधि लागू रहेगी। इस दौरान राज्य के सभी भवनों पर, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराया जाता है, वहां झंडा आधा झुका रहेगा।
शिबू सोरेन का सोमवार सुबह दिल्ली स्थित श्री गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। उन्हें आदिवासी समाज की सशक्त आवाज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक के रूप में याद किया जा रहा है।
4 और 5 अगस्त को राज्य में सरकारी कार्यालय बंद
सरकार ने राजकीय शोक की अवधि के दौरान निर्देश जारी किए हैं कि 4 और 5 अगस्त को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा, इस दौरान कोई भी राजकीय समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। यह निर्णय दिवंगत नेता के सम्मान में लिया गया है, जिन्हें राज्य की राजनीति में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल संतोष गंगवार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई गणमान्य नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया संदेश में लिखा, “आज मैं शून्य हो गया हूं…” — यह उनके पिता के प्रति उनकी गहरी भावनात्मक संवेदनाएं दर्शाता है।इस निर्णय को आदिवासी समाज और झारखंड की जनता की भावनाओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें
Shibu Soren: शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष और नेतृत्व की मिसाल, जानें जिंदगी से जुड़ी प्रमुख घटनाएं