रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक लोबिन हेंब्रम अपनी ही पार्टी के सांसद विजय हांसदा के खिलाफ खड़े हो गये हैं।
दो दिन पहले बरहेट विधानसभा के भोगनाडीह में झामुमो और विधायक लोबिन हेंब्रम समर्थकों के बीच हुई झड़प के बाद लोबिन ने विजय हांसदा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में विजय हांसदा जीतने नहीं जा रहे हैं। अगर वो जीते तो पार्टी का मान-सम्मान नहीं बचेगा।
मैं इस सीट से दावेदार हूं, लेकिन पार्टी की ओर से मुझसे इस्तीफा मांगा जा रहा है। भला मैं इस्तीफा क्यों दूं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल बन गया तो सांसद क्षेत्र में मुंह दिखाने लायक नहीं रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि विजय हांसदा के इशारे पर कार्यकर्ताओं ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
उनके कहने पर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने की कोशिश की गई। बैनर- पोस्टर को फाड़ दिया गया। प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए लोबिन ने कहा कि प्रशासन का भी रवैया ठीक नहीं था।
बता दें कि 6 मार्च को भी 300 बेड के अस्पताल के शिलान्यास को लेकर झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम ने सरकार और सांसद विजय हांसदा के प्रति नाराजगी जाहिर की थी।
लोबिन हेंब्रम राज्य सरकार के खिलाफ गुरुवार को अन्याय यात्रा निकाल रहे थे। इसी दौरान भोगनाडीह में झामुमो समर्थकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद लोबिन समर्थकों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी, जिसके बाद लोबिन ने अपनी अन्याय यात्रा स्थगित कर दी।
इसे भी पढ़ें