Red alert:
रांची। झारखंड में मानसून की एंट्री हो गयी है। बीते 18 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। झमाझम बारिश के दौरान वज्रपात से मां-बेटी समेत सात लोगों की मौत हो गई। इनमें गढ़वा के बिशनपुरा में ईंटभट्ठा मजदूर लातेहार की साहेर निवासी मंजु देवी और रमना के भागोडीह निवासी लखन भुइया, पलामू के चैनपुर स्थित चांदो निवासी सरस्वती देवी, उनकी बेटी रूपा और रेहला के रामलाल भुइयां शामिल हैं। इधर, चतरा के हंटरगंज निवासी देवलाल यादव और रांची के बुंडू में तीजमणि देवी की जान चली गई।
Red alert:बारिश का रेड अलर्ट जारीः
पूर्वानुमान के अनुसार, 18 से 20 जून के बीच रांची, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, रामगढ़, सरायकेला, प. सिंहभूम, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ में अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस क्रम में तेज हवाओं के साथ कहीं कहीं वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा में इसके 48 घंटों में सक्रिय होने की संभावना है। 21 जून तक पूरे राज्य में बारिश के आसार हैं।
Red alert:निम्न दबाव का क्षेत्र भी बनाः
मौसम विभाग के अनुसार बांग्लादेश के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से से लेकर पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र व आसपास के इलाकों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जबकि उपरी वातावरण में बना एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन से जुड़ने के कारण झारखंड में अगले चार दिन अच्छी बारिश होने की संभावना है।
Red alert:कहां कितनी बारिशः
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई है। धनबाद के पंचेत में 73.2 मिमी सर्वाधिक बारिश हुई। इसके अलावा खूंटी, हजारीबाग, सिमडेगा, सरायकेला खरसांवा, गुमला में 20 मिमी और अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। राजधानी के तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब छह डिग्री की कमी आयी। राज्य के अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे के दौरान सात डिग्री तक गिर गए हैं। सबसे अधिक पारा बोकारो का 34.5 डिग्री रहा।
इसे भी पढ़ें
Weather Alert: झारखंड में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, वज्रपात की भी चेतावनी