Garhwa Crime:
गढ़वा। गढ़वा जिला के रंका प्रखंड में भी इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या जैसी घटना हुई है। यहां भी सोनम की तरह ही एक पत्नी ने पति को मार डाला। गढ़वा के बुद्धनाथ सिंह नामक व्यक्ति की उसकी पत्नी सुनीता देवी ने जहर देकर हत्या कर दी। बुद्धनाथ की शादी भी 11 मई को हुई थी।
Garhwa Crime: शादी के अगले ही दिन मायके लौट गई थी पत्नीः
इस संबंध में मृतक के परिजनों ने कहा कि शादी के बाद बुद्धनाथ सिंह की पत्नी सुनीता दूसरे ही दिन मायके चली गई थी। वहां उसने अपने परिजनों से ससुराल नहीं जाने की बात कही थी।
Garhwa Crime: पति शुरू से ही नहीं था पसंदः
मृतक के परिजनों के मुताबिक सुनीता को बुद्धनाथ शुरू से ही पसंद नहीं था। वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। बुद्धनाथ के ससुराल व घर के लोगों ने इस शादी को बनाए रखने के लिए पूरा प्रयास किया। 5 जून को दोनों पक्ष के बीच पंचायती के बाद सुनीता को बुद्धनाथ विदाई करवाकर अपने घर ले आया। 12 दिन तक सुनीता किसी तरह बुद्धनाथ के साथ उसके घर में रही।
Garhwa Crime: पति से ही खरीदवाया कीटनाशकः
शनिवार को दोनों पति-पत्नी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में बाजार करने के लिए गए हुए थे। यहां सुनीता के कहने पर बुद्धनाथ ने बाजार से कीटनाशक दवा खरीदी थी। सुनीता ने कहा था कि फसलों में लग रहे कीट को मारने के लिए दवा की आवश्यकता है। बुद्धनाथ को यह कहां पता था कि जो कीटनाशक वह खरीद रहा है उसी से उसकी हत्या कर दी जाएगी। फिर रात में सुनीता ने बुद्धनाथ को वही कीटनाशक देकर मार डाला।
Garhwa Crime: मृतक की मां ने दर्ज कराई प्राथमिकीः
इस संबंध में मृतक की मां राजमती देवी ने रंका थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाते हुए कहा है कि उसके बेटे की हत्या उसकी बहू ने कर दी है। उसने कहा कि उसकी बहू कभी भी उसके बेटे के साथ रहना नहीं चाहती थी। समाज व परिवार के भय से वह ससुराल आ गई थी।
Garhwa Crime: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजारः
रंका पुलिस का कहना है कि मृतक की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकी के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व महिला से पूछताछ के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Garhwa Crime: त्रिकोणीय प्रेम का एंगलः
पुलिस को आशंका है कि इस मामले में भी त्रिकोणीय प्रेम का एंगल हो सकता है। इसके लिए सुनीता के मायकेवालों से भी जानकारी ली जा रही है। सुनीता से भी पूछताछ शुरू हो गई है। अब सुनीता और उसके मायकेवालों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें