धनबाद। धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र में एक किशोरी की जहर खाने से मौत हो गई, जिसके बाद उसकी सहेली पर जहर देने का आरोप लगाया गया है। शुक्रवार रात को किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसे धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की मां ने लगाया सहेली पर आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पड़ोस में रहने वाली सहेली ने बुलाकर सांप काटने की दवा पिलाई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी। किशोरी ने अस्पताल में भर्ती होने से पहले यह बताया कि उसकी सहेली ने उसे यह दवा जबरन दी।
मृतका की मां का कहना है कि उनकी बेटी ने जहर की शीशी अपनी सहेली से छीनकर घर लाकर उन्हें दी थी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई।
मृतका के परिवार में शोक की लहर
मृतका के पिता पुणे में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, और इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। मृतका के तीन बहनें और एक भाई हैं। वहीं, मृतका की सहेली ने आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उसे बेवजह इस मामले में फंसाया जा रहा है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की अपील की है।
सुदामडीह थाना प्रभारी सूरज कुमार रजक ने घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका के परिजनों का बयान दर्ज करेगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें
धनबाद पुलिस को बड़ी मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर प्रिंस खान के छह गुर्गे गिरफ्तार