नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन 26 दिसंबर को नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में हुआ था। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इससे पहले सुबह 8:30 बजे उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में रखा गया, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
निगम बोध घाट में हुआ अंतिम संस्कार
मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और कई अन्य शीर्ष नेता निगम बोध घाट पहुंचे। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री मनीष गोबिन भी इस अवसर पर शामिल हुए।
राहुल गांधी ने दिया कंधा
पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में राहुल गांधी ने उन्हें कंधा दिया, और तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत था, और उनके योगदान को देशभर में सराहा गया। सरकार ने उनके सम्मान में एक जनवरी 2025 तक सात दिनों के लिए राष्ट्रीय शोक घोषित किया और दिल्ली में उनका स्मारक बनाने का निर्णय लिया।
इसे भी पढ़ें
मनमोहन सिंह के निधन के बाद उनकी पत्नी को मिलेगा पूर्व पीएम के दर्जे की सुरक्षा और सुविधाएं