Wednesday, June 25, 2025

बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत : द्रौपदी मुर्मू

पारादीप : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि देश में बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने तथा उनकी दक्षता बढ़ाने की जरूरत है। मुर्मू ने यहां पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘बोइता बंदना’ (नाव पूजा) समारोह में यह बात कही। ‘बोइता बंदना’ ओडिशा में मनाया जाने वाला एक वार्षिक उत्सव है, जो राज्य की प्राचीन समुद्री गौरव गाथा की याद दिलाता है, जिसे पहले ‘कलिंग’ के नाम से जाना जाता था।

राष्ट्रपति ने कहा कि समुद्री व्यापार देश के व्यापार और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बताया गया है कि भारत के कुल व्यापार का मात्रा के हिसाब से 95 प्रतिशत और मूल्य के हिसाब से 65 प्रतिशत व्यापार समुद्री परिवहन के माध्यम से होता है।’’ उन्होंने कहा कि भारत के बंदरगाहों को वैश्विक मानकों के अनुरूप अधिक दक्षता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। मुर्मू ने कहा, ‘‘इसीलिए भारतीय बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने और उनकी दक्षता बढ़ाने की आवश्यकता है।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि ऐतिहासिक बालीयात्रा जावा, सुमात्रा और बाली द्वीपों के लिए व्यापारियों की एक प्रतीकात्मक नाव यात्रा है। बालीयात्रा ओडिशा के गौरवशाली अतीत की याद में मनाया जाने वाला एक अनोखा उत्सव है। मुर्मू ने कहा, ‘‘प्राचीन काल से मनाया जाने वाला यह उत्सव ओडिशा के समुद्री व्यापार की समृद्धि का प्रतीक है। यह ओडिशा के लोगों की समृद्ध सांस्कृतिक चेतना को भी उजागर करता है।’’ उन्होंने कहा कि समुद्र भारत के व्यापार, वाणिज्य और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने का एक प्रमुख साधन रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि समुद्र पर आधारित साहित्य ने भी भारतीय संस्कृति को समृद्ध किया है। मुर्मू ने कहा कि ओडिशा और अन्य तटीय राज्यों में नौसैनिक वाणिज्य की एक लंबी और समृद्ध परंपरा है। राष्ट्रपति ने कहा कि व्यापार और वाणिज्य के अलावा, उन व्यापारियों ने विदेशों में भारतीय कला और संस्कृति को फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि पारादीप बंदरगाह की कार्गो प्रबंधन क्षमता पिछले दशक में दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह पूर्वी तट पर सबसे बड़ा बंदरगाह बनने की ओर अग्रसर है और इसे ‘ग्लोबल मैरीटाइम इंडिया समिट-2023’ में ‘पोर्ट ऑफ ऑपरेशनल एक्सीलेंस अवार्ड’ भी मिला है।

Hot this week

झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा आज [Jharkhand assembly elections announced today]

राज्य में लगेगी आदर्श आचार संहिता रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img