खगड़िया, एजेंसियां: बिहार के खगड़िया में आज बागमती नदी में बड़ा हादसा हुआ। यहां नदी की तेज धारा में एक नाव बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव वहीं नदी में समा गई। नाव पर करीब 24 लोग सवार थे।
इस हादसे के बाद लोग नदी में डूबने लगे। इनमें से कुछ तैरकर बाहर आ गए, वहीं कुछ लोगों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया। हालांकि, तीन अब भी लापता हैं। एसडीआरएफ की टीम नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही है।
बिजली के खंभे से टकराई नाव
जब नाव खंभे से टकराई तो लोग चीखने-चिल्लाने लगे और नाव के एक ओर ज्यादा लोग आ गए। इस वजह से नाव का बैलेंस बिगड़ गया और महज कुछ सेकंड में नाव डूब गई।
हालांकि, कुछ लोगों को तैरना आता था। इन्होंने न केवल अपनी जान बचाई, बल्कि डूब रहे कुछ और लोगों को भी पानी से बाहर निकाला। चश्मदीदों की मानें तो नाव पर सवार तीन लोग अब भी लापता हैं। इनमें से एक महिला भी शामिल है।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर SDRF की टीम पहुंची। मानसी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची है। नदी घाट पर अफरातफरी का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी के उस पार खेत है, जहां पर किसान खेती करते हैं। परवल की खेती ज्यादा मुनाफा देती है, इसलिए किसान नदी के उस पास इसकी खेती करते हैं।
इसे भी पढ़ें
वायनाड लैंडस्लाइड में 138 लोग अब भी लापता, PM मोदी कल कर सकते हैं दौरा