रांची। रांची के कोकर इलाके में मंगलवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रामलखन सिंह यादव कालेज के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसे में सरायकेला-खरसावां के भाजपा नेता बास्को बेसरा के पुत्र अग्नि बेसरा, खरसावां के बुरुडीह निवासी पृथ्वी सहदेव और चाईबासा निवासी सुरजीत सिंकू की मौत हो गई।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा:
मृतक और घायल युवक गम्हरिया के रहने वाले थे। अग्नि बेसरा रविवार रात अपने पिता बास्को बेसरा का हालचाल जान कर गम्हरिया से रांची जा रहे थे। बास्को बेसरा का हाल ही में पैर टूट गया था।
उन्हे देखकर सोमवार देर रात, अग्नि बेसरा अपने दोस्तों पृथ्वी सहदेव और सुरजीत सिंकू के साथ स्कार्पियो से गम्हरिया से रांची लौट रहे थे। जहां सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो में सवार सभी युवक उसमें फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
दो दोस्तों की मौके पर ही मौत:
हादसे के बाद पृथ्वी सहदेव और सुरजीत सिंकू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अग्नि बेसरा गंभीर रूप से घायल था। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में बचे अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कर रही जांच :
पुलिस के मुताबिक, स्कार्पियो काफी तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि स्कार्पियो की गति अत्यधिक थी, जिसके कारण यह हादसा इतना भयावह हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें