रांची : सिक्किम में हिमस्खलन से मंगलवार को सात लोगों की मौत हो गयी वहीं कई लोग फंसे हुए हैं। सेना की ओर से दी गयी जानकारी में कहा गया है कि पांच से छह गाड़ियों में 30 सैलानी नाथू ला जा रहे थे।
वे करीब साढ़े ग्यारह बजे हिमस्खलन की चपेट में आ गये। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तेंजिंग लोडेन लेपचा ने बताया कि कितने लोग दबे हुए हैं इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है। 17 लोगों को बचाया जा चुका है इसमें से 8 लोगों की स्थिति गंभीर है।
उन्होंने बताया कि ये लोग एक नदी के किनारे तस्वीरें खींच रहे थे जब यह हादसा हुआ। राहत और बचाव का काम जारी है। इस बाबत गृहमंत्री अमित शाह ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा है कि पूरे हालात पर हमारी नजर है और प्रभावित इलाके में एनडीआरएफ की टीम जल्द ही पहुंचेगी।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संवेदना जताते हुए कहा है कि सिक्किम के नाथूला में हिमस्खलन के चपेट में आने से कुछ लोगों की मृत्यु तथा कई लोगों के फंसे होने का दुःखद समाचार मिला है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। हिमस्खलन में फंसे लोगों की शीघ्र कुशलता की कामना करता हूं।