रांची। राजधानी के बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में 9 अगस्त से आयोजित दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव-2024 कुछ ही देर में शुरू होने वाला है।
इस बार झारखंड आदिवासी महोत्सव कई अर्थों में नया और अनोखा होगा। इसमें समृद्ध आदिवासी जीवन दर्शन की झलकियां दिखेंगी, जिसके अंतर्गत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष शिबू सोरेन इस महोत्सव के मुख्य अतिथि होंगे।
दोपहर 1.30 बजे होगा उद्घाटन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्याण मंत्री दीपक बिरुआ शुक्रवार दोपहर बाद डेढ़ बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
सीएम के साथ-साथ कल्याण मंत्री दीपक बिरुआ और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल अंसारी उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
महोत्सव में पहली बार आदिवासी पुस्तक मेला भी लगाया जाएगा, जिसमें झारखंड के लेखकों की पुस्तकों के स्टॉल लगेंगे।
आकर्षक होगी रीझ-रंग शोभा यात्रा
इसके पहले शुक्रवार को 32 आदिवासी समुदायों द्वारा धुमकुड़िया भवन करमटोली चौक से बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान जेल चौक तक रीझ-रंग शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन मेले में प्रदर्शनी शिविर, आदिवासी चित्रकार शिविर और आदिवासी व्यंजन का उद्घाटन करेंगे।
इस मौके पर 12 पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जायेगा। कार्यक्रम को लेकर बिरसा मुंडा स्मृति पार्क को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।
आदिवासी व्यंजनों का ले सकेंगे आनंद
आदिवासी महोत्सव के दौरान यहां लगने वाले फूड स्टॉल में झारखंड के आदिवासी व्यंजन का भी आनंद ले सकेंगे। यहां एक से बढ़ कर एक स्वादिष्ट झारखंडी व्यंजन उपलब्ध होंगे।
महोत्सव में वन अधिकार पट्टा का वितरण भी किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न प्रदेशों से आने वाले कलाकारों, लोक-कलाकार, चित्रकार अपने प्रदेश से किस तरह की तैयारी कर झारखंड पहुंच रहे हैं, उनकी पूरी तैयारी और झारखंड पहुंचने तक पूरी यात्रा को वीडियो के माध्यम से दिखाया जाएगा।
8 जनजाति समूहों का गीत-नृत्य होगा
महोत्सव में 8 जनजाति समूहों का गीत नृत्य होगा। पद्मश्री मुकुंद नायक नागपुरी गीत नृत्य और जननी झूमर प्रस्तुत करेंगे।
वर्षा लकड़ा और उनका समूह भगवान बिरसा मुंडा की ऐतिहासिक गाथा का कथात्मक संगीतमय नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेगा।
संथाली बैंड (आधुनिक संथाली गायन वादन गायिका शेरोन मरांडी), झरोखा लोक कला वाद्य यंत्र की प्रस्तुति होगी।
इस बार आदिवासी महोत्सव 2024 में बेहद खास तरीके से आतिशबाजी और लेज़र शो का आयोजन किया जा रहा है, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगा।
अधिकारियों ने दावा किया कि यह शो सबके लिए सुखद स्मृति बनेगा। यह महोत्सव झारखंड के आदिवासी संस्कृति का आईना बनेगा। इस बार की आतिशबाजी और लेजर शो बेहद खास होंगे।
इसे भी पढ़ें
विश्व आदिवासी दिवसः झारखंड की 3 आदिवासी महिलाएं समाज को कर रहीं सशक्त