रांची। झारखंड में 27 मई तक बारिश के आसार हैं। इसका कारण वह तूफान है, जो आने वाला है।
बंगाल की खाड़ी में 102 किलोमीटर की रफ्तार से भीषण चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ आगे बढ़ रहा है।
रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में कल भी बारिश हुई थी। फिलहाल रांची के मौसम की बात करें, तो आसमान में हल्के बादल छाये हुए हैं। वहीं तापमान की बात करें, तो यह 29 डिग्री है।
मौसम विभाग की मानें, तो बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव बन गया है। जो उत्तर-पूर्व की ओर बड़ी तेजी से बढ़ रहा है।
इस कारण 23 मई को भी झारखंड के कई जिलों में बारिश हुई, लेकिन गढ़वा, पलामू, चतरा और लोहरदगा में बारिश की संभावना कम है।
आज 24 से 27 मई तक कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। संताल परगना, कोल्हान और राजधानी रांची के आसपास के जिलों में इसका ज्यादा असर रहेगा।
वहीं, बीते 24 घंटों की बात करें, तो राजमहल में करीब 113 मिमी बारिश हुई है। गोड्डा में भी 72 मिमी से अधिक बारिश पिछले 24 घंटे में हुई है।
वहीं, दूसरी तरफ रांची के किसान बारिश और ओलावृष्टि से परेशान हैं। बीते बुधवार को राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे खेत में लगी फसलों को भी नुकसान हुआ।
वहीं, शहरी इलाकों में दो बजे के बाद हल्की बारिश हुई। इस दौरान गर्जन के साथ तेज हवा चली।
इसे भी पढ़ें