रांची। रांची विमान सेवा में बढ़ोतरी को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों एवं इंडिगो एयरलाइंस के वरीय पदाधिकारियों की बैठक हुई।
इस दौरान चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने रांची से जयपुर, रांची से बागडोगरा टू गुवाहाटी, रांची से रायपुर, गुवाहाटी, सूरत, बनारस, अमृतसर के अलावा देवघर से बंगलुरू और मुंबई के लिए इंडिगो के अधिकारियों से सीधा विमान सेवा शुरू करने की मांग की।
साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रांची से दिल्ली के लिए अर्ली मार्निंग डिपार्चर व देर रात दिल्ली से रांची के लिए विमान सेवा उपलब्ध कराने की बात कही।
कहा, इससे यात्री एक दिन में ही रांची से दिल्ली आना-जाना कर सकेंगे। इस क्रम में उन्होंने इंडिगो की सर्वोत्तम सेवा की प्रशंसा की।
सिविल एविएशन उप समिति के चेयरमैन डा. अभिषेक रामाधीन व श्रवण राजगढ़िया ने हवाई किराया को संतुलित रखने की बात कही। कहा कि किराये को लेकर यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी रहती है।
इसके अलावा कारपोरेट पैसेंजर्स, जो बिना लगेज के सफर करते हैं, उन्हें किराये में छूट देना चाहिए। साथ ही गंभीर बीमारियों से ग्रसित पैसेंजर व दिव्यांगों को भी किराये में रियायत देने की पहल होनी चाहिए।
सह सचिव शैलेश अग्रवाल ने इंडिगो के अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत कराया। उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस के विमानों में हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने व रांची से दुबई, सिंगापुर, बैंकाक के लिए इंटरनेशनल विमान शुरू करने की बात कही।
चैंबर के सदस्यों ने इंडिगो एयरलाइंस के रांची-लखनऊ विमान सेवा के बंद होने से हो रही परेशानी, फेयर प्राइस पर कंट्रोल रखने, सावन मेला के समय रांची से बड़ा एयरक्राफ्ट ऑपरेट करने व रांची एयरपोर्ट पर बैगेज स्क्रीनिंग के लिए इंस्टाल्ड सिस्टम को जल्द से जल्द शुरू करने की बात कही।
इंडिगो एयरलाइंस के वरीय अधिकारियों ने चैंबर की ओर से दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। सभा का संचालन सह सचिव अमित शर्मा ने व धन्यवाद ज्ञापन सिविल उप समिति के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने किया।
मौके पर चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, राहुल साबू, सह सचिव अमित शर्मा, शैलेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ज्योति कुमारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित माहेश्वरी, कार्यकारिणी सदस्य डा. अभिषेक रामाधीन, प्रवीण लोहिया, संजय अखौरी, नवजोत अलंग, सदस्य श्रवण राजगढ़िया, राजीव चौधरी, अमित अग्रवाल, प्रमोद चौधरी, जेडी लुईस, दिलीप कुमार, संजीव पोद्दार, अंकिता वर्मा, कौशल मित्तल इत्यादि उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें