SBI new rules 2025: 1 दिसंबर से mCash सेवा बंद, ग्राहकों की बढ़ेगी मुश्किल!

3 Min Read

SBI new rules 2025:

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बैंक ने घोषणा की है कि 1 दिसंबर 2025 से mCash सेवा पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। इसका मतलब है कि ग्राहक अब mCash के माध्यम से बिना लाभार्थी जोड़ने के मोबाइल नंबर या ईमेल के जरिए त्वरित भुगतान नहीं कर पाएंगे। SBI ने बताया कि 30 नवंबर के बाद OnlineSBI और YONO Lite पर mCash भेजने और दावा करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। यह फैसला सीधे तौर पर उन लोगों को प्रभावित करेगा जो तेज और तुरंत भुगतान के लिए इस फीचर पर निर्भर रहते थे।

क्या थी mCash सुविधा?

SBI की mCash सेवा ग्राहकों को बिना लाभार्थी पंजीकरण के केवल मोबाइल नंबर या ईमेल के माध्यम से पैसा भेजने की सुविधा देती थी। इसमें प्राप्तकर्ता को एक सिक्योर लिंक और 8-डिजिट पासकोड मिलता था, जिसके जरिए वह किसी भी बैंक खाते में धनराशि ट्रांसफर कर सकता था।
यह फीचर छोटे और तुरंत भुगतान के लिए बेहद उपयोगी माना जाता था, खासतौर पर उन लोगों के लिए जिनके पास लाभार्थी जोड़ने का समय नहीं होता।

क्यों बंद की जा रही है सेवा?

SBI का कहना है कि वर्तमान समय में UPI, IMPS, NEFT और RTGS जैसे डिजिटल भुगतान विकल्प अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हैं। इसी वजह से बैंक ने mCash को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का फैसला लिया।बैंक का तर्क है कि आधुनिक भुगतान प्रणाली mCash की तुलना में अधिक सुरक्षित और स्केलेबल हैं तथा देशभर में व्यापक रूप से स्वीकृत भी।

30 नवंबर के बाद क्या बंद होगा?

• mCash भेजना
• mCash लिंक के माध्यम से धनराशि का दावा
• mCash ऐप के जरिए भुगतान

इसके बाद ग्राहक बिना लाभार्थी जोड़ें पैसे नहीं भेज पाएंगे।

ग्राहकों पर असर:

जो ग्राहक तत्काल भुगतान के लिए mCash का उपयोग करते थे, उन्हें अब लाभार्थी जोड़ना होगा, या फिर UPI, IMPS जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करना होगा।SBI का दावा है कि यह बदलाव ग्राहकों की सुरक्षा बढ़ाने और डिजिटल बैंकिंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है।

Share This Article