Travelling:
नई दिल्ली, एजेंसियां। सर्दियों में हिल स्टेशन घूमने का मजा ही अलग होता है, और अगर आप इस बार फैमिली या दोस्तों के साथ विंटर ट्रैवल प्लान कर रहे हैं, तो बिहार में मौजूद खूबसूरत पहाड़ी जगहें बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, ऊंची पहाड़ियां, झरने, शांत वातावरण और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर्यटकों का मन मोह लेते हैं। आइए जानते हैं बिहार के कुछ आकर्षक हिल पॉइंट्स के बारे में, जहां आप इस सर्दी में घूमने का प्लान कर सकते हैं।
रामशिला हिल:
गया जिले में फल्गु नदी के तट पर स्थित रामशिला हिल अपनी धार्मिक मान्यता और सुंदर वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि भगवान राम ने यहां पिंडदान किया था। विष्णुपद मंदिर से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित यह हिल स्टेशन सर्दियों में खासा खूबसूरत दिखता है और फोटोग्राफी व प्रकृति प्रेमियों के लिए आदर्श है।

प्राग्बोधि हिल:
डुंगेश्वरी हिल्स के नाम से प्रसिद्ध प्राग्बोधि हिल इतिहास और अध्यात्म से भरी हुई है। मान्यता है कि ज्ञान प्राप्ति से पहले भगवान बुद्ध ने यहां लंबी ध्यान साधना की थी। यहां के स्तूप, गुफाएं और बुद्ध प्रतिमाएं इसे एक शांत और आध्यात्मिक गंतव्य बनाती हैं।
गुरपा हिल:
गया में स्थित गुरपा हिल, जिसे कुक्कुटपद गिरी भी कहा जाता है, हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां महाकश्यप को निर्वाण प्राप्त होने की मान्यता है। पहाड़ी पर मौजूद गुरु पद मंदिर से सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य बेहद आकर्षक होता है।
घोड़ा कटोरा:
राजगीर की घोड़ा कटोरा झील छोटी पहाड़ियों से घिरी हुई प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत नमूना है। यहां बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। झील के बीच स्थित भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा पर्यटकों का ध्यान खींचती है।
प्रेतशिला हिल:
प्रेतशिला हिल को पिंडदान के लिए विशेष माना जाता है। लगभग 400 सीढ़ियों के बाद ऊपरी वेदी तक पहुंचकर लोग पूर्वजों के लिए पितृ तर्पण करते हैं। पहाड़ी के ऊपर ब्रह्मा कुंड, भगवान यमराज का मंदिर और कई प्राचीन मूर्तियां देखने को मिलती हैं।
अगर आप इस जाड़े में पास में ही कोई खूबसूरत और शांत हिल स्टेशन घूमना चाह रहे हैं, तो बिहार की ये जगहें आपके विंटर ट्रैवल को यादगार बना देंगी।








