Lohardaga railway station:
रांची। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर में सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बुधवार को सघन जांच अभियान चलाया। यह अभियान रांची रेल मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया।
अभियान के दौरान लोहरदगा आरपीएफ पोस्ट के अधिकारी और जवानों ने पूरे स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग जोन की बारीकी से जांच की। इस दौरान अल्ट्रा व्हीकल स्कैनिंग सिस्टम (UVSS) मशीन की मदद से वाहनों की जांच की गई। हालांकि, किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
यात्रियों के सामान की सावधानीपूर्वक जांच:
आरपीएफ ने यात्रियों के सामान की भी सावधानीपूर्वक जांच की। पार्किंग स्टाफ से पूछताछ में पता चला कि पार्किंग क्षेत्र में लंबे समय से कोई वाहन खड़ा नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। आरपीएफ टीम ने कहा कि सुरक्षा जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके।







