Dhanteras 2025:
रांची। धनतेरस पर बाजार में धन बरसा। लोगों ने खूब खरीदारी की। सिर्फ रांची में ही 30 से ज्यादा दुकानदारों के मुताबिक करीब 105 किलो सोना, 200 किलों से ज्यादा चांदी के आभूषण और सिक्कों की बिक्री हुई। वहीं 3000 से ज्यादा कारें और 6000 से ज्यादा दोपहिया वाहन बिके। प्रॉपर्टी बाजार में भी बूम रही।
झारखंड में जमीन, घर और फ्लैट की 458 डीड की रजिस्ट्री हुई। इसके अलावा बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम और पूजा सामग्री-झाड़ू आदि की भी खूब बिक्री हुई। झारखंड चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के अनुसार इस बार जीएसटी कटौती का असर बाजार पर दिखा। सभी सेग्मेंट मिलाकर पिछले साल के मुकाबले करीब 20 फीसदी ज्यादा बिक्री हुई। वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री तो पिछले साल से 40 फीसदी तक ज्यादा हुई।
गाड़िया : 3000 कारें, 6000 से ज्यादा दोपहिया की बिक्रीः
धनतेरस पर लोगों ने गाड़ियों की भी खूब खरीदारी की। 3000 कारें और 6000 दुपहिया वाहन बिके। संचालकों ने कहा कि 5 से 15 लाख के बीच की 2000 कारें बिकीं। वहीं दो करोड़ की बीएमडब्लयू 7 सीरीज की कार भी बिकी। 50 लाख से डेढ़ करोड़ तक की 36 कारें बिक गईं। इनमें बीएमडब्लयू की 16 कारें हैं। वहीं, जीप की 8 कारें हैं। बाइक में 80 हजार से 2 लाख तक के 5000 बाइक बिक गए।

प्रोपर्टी : राज्य में 458 रजिस्ट्रीः
इस बार प्रोपर्टी की खरीदारी पिछले साल के मुकाबले कुछ अच्छी रही। राज्यभर के निबंधन कार्यालयों में मात्र 458 डीड की रजिस्ट्री हुई। दोपहर में सर्वर स्लो होने से निबंधन प्रभावित हुई। रांची के 4 निबंधन कार्यालयों में 141 डीड की ही रजिस्ट्री हुई।
इलेक्ट्रॉनिक्स: 50 हजार टीवी बिकेः
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में सुबह से ही भारी भीड़ रही। सबसे ज्यादा 55 से 65 इंच की एलईडी टीवी बिकी। शोरूम संचालकों के अनुसार रांची में करीब 50 हजार एलईडी टीवी की बिक्री हुई। वहीं, 62 हजार से ज्यादा मोबाइल हैंडसेट बिक गए।
सोना चांदी : हल्के वजन के सोने के गहनों की ज्यादा खरीदारीःधनतेरस पर 105 किलो सोना और 200 किलो चांदी के गहने बिके। इनमें से 55 किलो सोने के हल्के वजन वाले गहने बिके। पांच ग्राम के चेन, 1 ग्राम के टॉप्स व अंगूठी की खरीदारी ज्यादा हुई। 14 से लेकर 22 कैरेट तक के गहने बिके।
वहीं लोगों ने चांदी की गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा और सिक्कों की भी खूब खरीदारी की। जबकि सोने की कीमत इस बार 1,20,800 रुपए (22 कैरेट) प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,85,000 रुपए प्रति किलो थी। सोना पिछले धनतेरस पर 74 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम था।
इसे भी पढ़ें