Ranjit Kumar Singh dies:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शनिवार तड़के एक बड़ा झटका लगा। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह (52) की हाजीपुर-छपरा फोरलेन पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा दिघवारा थाना क्षेत्र के निजामचक के पास सुबह लगभग 4 बजे हुआ।
हादसे की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, रंजीत सिंह सिवान से स्कूटी पर पटना लौट रहे थे, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क किनारे गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय एक एंबुलेंस चालक ने सड़क किनारे गिरी स्कूटी देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर परिजनों को सूचित किया।
सिवान कार्यक्रम से लौट रहे थे रंजीत
रंजीत सिंह मूल रूप से सिवान जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में पटना के नेहरू नगर, बोरिंग रोड में रहते थे। शुक्रवार को वे सिवान में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का नामांकन भी हुआ था। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे स्कूटी से पटना लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश जारी है।
पार्टी में शोक की लहर
रंजीत सिंह के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है। प्रदेश अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।रंजीत किसान मोर्चा के माध्यम से किसानों के हितों के लिए लगातार सक्रिय थे और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका अहम रही। भाजपा ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
इसे भी पढ़ें
Lifestyle: नाखूनों पर सफेद धारियां क्यों आती हैं? जानिए कारण और समाधान