Dhumal Singh:
रांची। रांची और झारखंड के बाहुबली नेता धूमल सिंह एक बार फिर बिहार विधानसभा के चुनाव में दिखेंगे। उन्हें जदयू ने एकमा से अपना प्रत्याशी बनाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले धूमल सिंह उर्फ मनोरंजन सिंह ने 2010 के विधानसभा चुनाव में RJD के कामेश्वर कुमार सिंह को 29201 वोटों के अंतर से हराया था। तब ये चौथी बार विधायक बने थे।
2014 के आम चुनाव में भी धूमल ने अपनी किस्मत आजमाई थी और महाराजगंज लोकसभा सीट से JDU के टिकट पर लड़े थे, पर इन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इन्होंने वर्ष 2000 में बतौर निर्दलीय बनियापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और राजनीति की पारी शुरू की थी। नए परिसीमन के बाद 2010 के विधानसभा चुनाव में धूमल ने अपना क्षेत्र बदल एकमा से चुनाव लड़ा था। इससे पहले बनियापुर से इन्होंने फरवरी 2005 का चुनाव LJP और नवंबर 2005 का चुनाव JDU के टिकट पर जीता था।
धूमल सिंह झारखंड के आपराधिक इतिहास में बड़ा नाम है। रांची के धुर्वा में रहनेवाले धूमल सिंह 1978 से 1988 के बीच मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल थे। बाद में उन्होंने लंबे समय बोकारो में स्क्रैप के कारोबार में भी हाथ आजमाया। इसके बाद अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने के लिए उन्होंने अपने पैतृक क्षेत्र बनियापुर को ही स्थाई ठिकाना बना लिया।
इसे भी पढ़ें
Bihar elections: बिहार चुनाव में JMM को चाहिए कम से कम 7 सीट