मास्को, एजेंसियां। रूस की राजधानी मॉस्को में क्रोकस सिटी हॉल पर आतंकी हमला हुआ है। इसमें 70 से ज्यादा लोग मारे गये हैं। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली है।
अभी भी मरनेवालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 100 से ज्यादा लोग घायल हैं।
हमला शुक्रवार शाम को हुआ। इसकी जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है। सेना जैसी वर्दी पहने 5 आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं और बम फेंके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हम मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं।
हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत, रूस की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।
इधर, आतंकी संगठन IS ने आमाक न्यूज एजेंसी के जरिए बयान जारी किया है।
कहा कि इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क शहर में ईसाइयों की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हो गए और उनके सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौटने से पहले उस जगह पर भारी तबाही हुई।
हमला करने के बाद हमारे लड़ाके मौके से भाग निकले। रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने कहा कि धमाकों के कारण हॉल में आग लग गई।
मौके पर पहुंचे स्पेशल फोर्स, पुलिस, दंगा रोधी टीमों ने बेसमेंट में फंसे 100 लोगों का रेस्क्यू किया। 70 से ज्यादा एम्बुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
स्पेशल फोर्स हॉल में दाखिल हुई। किसी भी आतंकी के मारे जाने या पकड़े जाने की खबर नहीं है। वहीं, पुलिस ने इस आतंकवादी हमले की जांच शुरू की है।
इसे भी पढ़ें
लालू ने किडनी लेने के बाद बेटी को चुनाव टिकट दिया: सम्राट चौधरी