Chaitanyananda:
नई दिल्ली, एजेंसियां। छात्राओं के यौन शोषण का आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के बारे में कई बातें सामने आई हैं। पुलिस ने चैतन्यानंद के मोबाइल से कई महिलाओं की चैट बरामद की है। इसमें पता चला कि वह महिलाओं को आकर्षित करने के लिए उनसे कई वादे करता था। यही नहीं, चैतन्यानंद के फोन में कई एयरहोस्टेस की फोटोज भी मिली हैं। उसने कई महिलाओं की सोशल मीडिया प्रोफाइल फोटो भी सेव करके रखी थीं। पुलिस ने चैतन्यानंद की दो महिला सहयोगियों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ हो रही है।
जांच में सहयोग नहीं कर रहाः
पुलिस ने बताया-चैतन्यानंद जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। वह पूछताछ में झूठ बोल रहा है। वह पूछे गए प्रश्नों का उत्तर तभी देता है, जब हम उसके सामने सबूत पेश करते हैं।
आगरा से गिरफ्तार हुआ था चैतन्यानंदः
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पुलिस से बचने के लिए बिना CCTV कैमरों वाले सस्ते होटलों में ठहरता था। वह उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहरों वृंदावन, मथुरा में भी छिपा रहा। चैतन्यानंद के करीबी उसके लिए होटल चुनते थे। 27 सितंबर को वह आगरा के एक होटल में ठहरा था। 28 सितंबर की सुबह 3:30 बजे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
छात्राओं से यौन शोषण का आरोपः
चैतन्यानंद पर श्री शारदा इंस्टीट्यूट की 17 छात्राओं से यौन उत्पीड़न का आरोप है। उसके खिलाफ 4 अगस्त को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। तब वह इंस्टीट्यूट का प्रमुख था। उसे 9 अगस्त को पद से निष्कासित किया गया था। तब से वह फरार था।
इसे भी पढ़ें