Heavy rain in Jharkhand:
रांची। रांची मौसम विभाग ने दुर्गापूजा के दौरान झारखंड के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, 30 सितंबर यानी आज तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव अब कमजोर पड़ चुका है। इसका सर्कुलेशन ओडिशा व छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है। बावजूद इसके, 1-2 अक्तूबर को बंगाल की खाड़ी में दोबारा निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने की संभावना है। जिससे रांची सहित कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।
2 और 3 अक्तूबर को भारी बारिश की संभावनाः
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने बताया कि एक अक्तूबर की दोपहर से मौसम बिगड़ना शुरू हो जाएगा। दो अक्तूबर को पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। रुक-रुक कर बारिश होगी। खासकर धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, देवघर और बोकारो में तेज हवाओं और वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है।
तीन अक्तूबर को भी पूरे राज्य में कहीं-कहीं वज्रपात और बारिश हो सकती है। इस दिन चतरा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, कोडरमा, लातेहार, पाकुड़ और साहिबगंज जिले प्रभावित हो सकते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि रांची में 1 से 5 अक्तूबर तक बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
इस मानसून में 18% अधिक बारिश, 7 जिलों में कमीः
इस बार झारखंड में मानसून के दौरान औसतन 18% अधिक बारिश हुई है। हालांकि सात जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। इनमें देवघर में 17%, गढ़वा में 7%, गोड्डा में 18%, हजारीबाग में 3%, पाकुड़ में 33%, साहिबगंज में 10% और सिमडेगा में 1% कम बारिश हुई है।
वहीं, बारिश न होने से राज्य का तापमान भी बढ़ा है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और पाकुड़ का 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा था।
सितंबर में 188.5 मिमी बारिशः
एक सितंबर से 29 सितंबर तक झारखंड में 188.5 मिमी (14% कम) बारिश दर्ज हुई, जबकि 1 जून से 30 सितंबर तक कुल 1199.4 मिमी (18% अधिक) बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि झारखंड से मानसून की विदाई 8 से 10 अक्तूबर के बीच हो सकती है।
इसे भी पढ़ें
Heavy rain alert in Ranchi: रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट