Rajeev Shukla:
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में नेतृत्व परिवर्तन की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि उन्होंने 70 वर्ष की आयु पूरी कर ली है। BCCI के संविधान के तहत, कोई भी पदाधिकारी 70 की उम्र के बाद पद पर नहीं रह सकता।
राजीव शुक्ला बने नया अध्यक्ष
इस स्थिति को देखते हुए बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। शुक्ला तब तक बोर्ड की जिम्मेदारी संभालेंगे जब तक नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता। 27 अगस्त को हुई BCCI अधिकारियों की एक अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया, जहां Dream11 के स्पॉन्सरशिप से हटने के बाद नई प्रायोजक कंपनी को लेकर भी चर्चा हुई। राजीव शुक्ला वर्ष 2020 से उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं और क्रिकेट प्रशासन में लंबा अनुभव रखते हैं।
रोजर बिन्नी ली थी सौरभ गांगुली की जगह
वहीं, रोजर बिन्नी को 2022 में सौरभ गांगुली की जगह अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वे BCCI की कमान संभालने वाले तीसरे पूर्व क्रिकेटर थे। अब उनकी उम्र की सीमा पूरी होने के कारण वे इस पद के लिए अयोग्य हो गए हैं। इसके साथ ही यह भी तय हुआ है कि BCCI आगामी महीने में अपनी वार्षिक आम बैठक (AGM) और चुनाव कराएगा।
नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस कानून के तहत
हालांकि, केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस कानून अब तक औपचारिक रूप से लागू नहीं हुआ है, इसलिए तब तक BCCI और राज्य संघ लोढ़ा समिति की सिफारिशों पर आधारित संविधान के अनुसार ही काम करेंगे। इस बदलाव से BCCI के भविष्य की दिशा तय हो सकती है और नया नेतृत्व भारतीय क्रिकेट की नीतियों को नई दिशा दे सकता है।
इसे भी पढ़ें
IND vs SL Women’s Asia Cup final: भारत को फाइनल में पहली बार हराकर श्रीलंका बना चैंपियन