Priyanka Gandhi:
सुपौल, एजेंसियां। इंडिया गठबंधन की “वोटर अधिकार यात्रा” आज, 26 अगस्त को अपने 10वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। इस अवसर पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार बिहार की सियासत में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंची प्रियंका गांधी आज सुपौल, दरभंगा और मधुबनी जिलों में आयोजित जनसभाओं और रोड-शो में हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि इस यात्रा में उनके भाई राहुल गांधी भी भाग लेंगे, जिससे कांग्रेस ने सियासी रणभूमि में भाई-बहन की संयुक्त ताकत उतारी है।
प्रियंका का पहला सियासी दौरा बिहार में
प्रियंका गांधी का यह बिहार में पहला बड़ा सियासी कार्यक्रम है। यात्रा के दौरान वे दरभंगा और मुजफ्फरपुर में रोड-शो भी करेंगी, जो परंपरागत रूप से एनडीए और भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाते हैं। कांग्रेस अब इन क्षेत्रों में फिर से अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रही है।
जानकी मंदिर में पूजा, हरितालिका तीज का संदेश
प्रियंका गांधी 27 अगस्त को जनकपुर स्थित जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। संयोग से यह दिन हरितालिका तीज का है, जो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण व्रत है। पार्टी जानती है कि इस दिन का महत्व भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से जनता को जोड़ने में मदद कर सकता है।
रणनीति साफ: चुनाव से पहले जनसंपर्क
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्राओं के बाद अब यह “वोटर अधिकार यात्रा” और उसमें प्रियंका की भागीदारी, कांग्रेस की 2025-26 चुनावी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी जनता से सीधा संवाद बनाकर जमीनी स्तर पर समर्थन बढ़ाने में जुटी है।
इसे भी पढ़ें