Money dispute:
पलामू। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के घुटुआ गांव में पैसों के विवाद को लेकर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मनु उर्फ मनोज भुइयां नाम के युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उसके बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस जघन्य हत्या के आरोप में राजेश्वर सिंह और उसके बेटे जनेश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला
यह घटना 16 अगस्त 2025 की रात की है। पुलिस के अनुसार, मनोज ने अपने मुंहबोले नाना राजेश्वर सिंह से मजदूरी से कमाए गए 80 हजार रुपये वापस मांगे थे, जो उसने घर की ढलाई के दौरान उन्हें दिए थे। इस मामूली पैसों के विवाद के बाद, राजेश्वर और उसके बेटे ने मिलकर मनोज की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद, 17 अगस्त की आधी रात को आरोपियों ने मनोज के शव को बोरी में भरकर करीब सात किलोमीटर दूर भूरी जंगल में ले गए और वहां उसे आग के हवाले कर दिया।
बता दें मनोज की मां का निधन हो चुका था और वह बचपन से ही राजेश्वर के घर में रहकर गाय-बकरी चराने का काम करता था। हाल ही में रक्षाबंधन पर उसने अपनी बहन से कहा था कि वह राजेश्वर से पैसे लेकर उसकी शादी कराएगा।
घटना का खुलासा:
घटना का खुलासा तब हुआ जब 17 अगस्त को गांव में मनोज की मौत की खबर फैल गई। उसकी बहन ने जब राजेश्वर सिंह से इस बारे में पूछा, तो उसने अनभिज्ञता जताई। इसके बाद, 20 अगस्त को मृतक के चाचा ललन भुइयां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जंगल से मनोज के जले हुए अवशेष बरामद किए।
आरोपियों ने कबूला जुर्म:
पुलिस की गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजेश्वर सिंह और जनेश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ कांड संख्या 111/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें