रियो डि जेनेरियो, एजेंसियां। ब्राजील के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण तबाही मची है। स्टेट डिफेंस एजेंसी के मुताबिक बाढ़ के कारण अब तक 58 लोगों की मौत हो गई है।
वहीं 74 से ज्यादा लोग घायल है। बाढ़ के कारण करीब 70 हजार से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। इसके अलावा 67 लोग लापता हैं।
बाढ़ के कारण रियो ग्रांडे डो सुल राज्य का पोर्टो एलेग्रे शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से रियो ग्रांडे डो सुल में आ रहे तूफानों की वजह से 300 नगर पालिकाएं प्रभावित हुई हैं।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है और उन्होंने केंद्र सरकार की तरफ से मदद का वादा किया है। साथ ही उन्होंने बाढ़-बारिश के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार ठहराया है।
वहीं ब्राजील के मौसम विभाग ने भी कहा है कि बारिश की बढ़ती तीव्रता के लिए अल-नीनो जिम्मेदार है। ब्राजील के रियो ग्रांडे डो सुल राज्य में बारिश के कारण बांध टूटने का खतरा है।
शहर में बहने वाली गुआबा नदी रिकॉर्ड 5.04 मीटर की रिकॉर्ड ऊंचाई पर है, जो 1941 के बाद सबसे ज्यादा है। बचावकर्मियों को लोगों का रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही है। सड़कें तबाह हो गई हैं और पुल पानी के बहाव के कारण बह गए हैं।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, बचावकर्मी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पोर्टो एलेग्रे एयरपोर्ट ने शुक्रवार 3 मई को अनिश्चित काल के लिए उड़ाने निलंबित कर दीं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसे भी पढ़ें
राजनाथ सिंह बोले-राहुल गांधी में आग नहीं पर कांग्रेस आग से खेल रही