Liquor shops:
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में शराब दुकानों की खुदरा बिक्री के लिए इस बार रिकॉर्ड आवेदन दर्ज किए गए हैं। जिले की 150 दुकानों के लिए बनाए गए 87 ग्रुप में कुल 1762 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो किसी भी जिले में अब तक सबसे ज्यादा हैं। सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि रांची से ही विभाग को आवेदन शुल्क के रूप में 6 करोड़ 18 लाख 86 हजार 280 रुपये मिले हैं, जो एक रिकॉर्ड राशि है।
रांची समाहरणालय
शुक्रवार को रांची समाहरणालय के ए ब्लॉक के कमरा नंबर 207 में शराब दुकानों की ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी, जिसे आम जनता लाइव देख सकेगी। चयनित दुकानों से विभाग ने सितंबर 2025 से मार्च 2026 तक 444 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित करने का लक्ष्य रखा है। 1 सितंबर से इन दुकानों का संचालन निजी विक्रेताओं द्वारा किया जाएगा।
रांची जिले में सबसे अधिक आवेदन ग्रुप-52 के लिए 75 आए हैं, इसके बाद ग्रुप-4 के लिए 69, ग्रुप-54 और ग्रुप-60 के लिए 58-58 आवेदन मिले हैं। वहीं सबसे कम आवेदन ग्रुप-15 और ग्रुप-32 के लिए केवल 2-2 आवेदन दर्ज हुए हैं।
राज्य भर से प्राप्त आवेदन
राज्यभर से भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। बोकारो से 546, धनबाद से 490, देवघर से 466, पूर्वी सिंहभूम से 406, गिरिडीह से 211, गोड्डा से 324, गुमला से 188, हजारीबाग से 516, जामताड़ा से 73, कोडरमा से 48, लोहरदगा से 17, पाकुड़ से 122, रामगढ़ से 88, साहिबगंज से 292, पश्चिमी सिंहभूम से 477, गढ़वा से 175 और सिमडेगा से 179 आवेदन मिले हैं।यह लॉटरी राज्य में शराब की दुकानों के संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विभाग को बड़े पैमाने पर राजस्व प्राप्त होगा।
इसे भी पढ़ें
Raid on illegal liquor: गिरिडीह में अवैध शराब पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 5 आरोपी गिरफ्तार