पुरी, एजेंसियां। ओडिशा के पुरी में बीती रात भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट हो गया, जिससे पंद्रह लोग झुलस गए।
इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि पुरी नरेंद्र पूल के पास हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ।
मुख्य प्रशासनिक सचिव और जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वे घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करें।
व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने आगे लिखा कि घायलों के सभी चिकित्सा खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन किए जाएंगे।
सभी के जल्द स्वास्थ्य की कामना करता हूं। वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि चंदन यात्रा के दौरान नरेंद्र पुष्करिणी देवीघाट पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ।
प्रभु से कामना है कि जिन लोगों का इलाज किया जा रहा है वे जल्द स्वस्थ हों। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय सैकड़ों लोग अनुष्ठान देखने के लिए नरेन्द्र पुष्करिणी सरोवर के तट पर जमा हुए थे।
श्रद्धालुओं का एक ग्रुट इस अवसर पर आतिशबाजी कर रहा रहा था, तभी एक चिंगारी पटाखों के ढेर पर गिर गई और उसमें धमाका हो गया।
जलते हुए पटाखे मौके पर एकत्रित लोगों पर गिरे जिसके बाद कुछ लोग खुद को बचाने के लिए पानी में कूद गए।
एक डॉक्टर ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि धमाके के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। इस भगदड़ में भी कई लोग घायल हुए हैं।
इसे भी पढ़ें