रांची। झारखंड के 10 हजार से छात्र बोर्ड परीक्षा नहीं दे सकेंगे। रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाने के कारण ये परीक्षा से वंचित रहेंगे। ये 9वीं और 11वीं के छात्र हैं। दरअसल, झारखंड एकेडेमिक काउंसिल ने रजिस्ट्रेशन और परीक्षा शुल्क बढ़ा दी है। इसके कारण ये छात्र रजिस्ट्रेशन से वंचित हो गये। अब ये बच्चे परीक्षा नहीं दे पायेंगे।
बता दें कि 9वीं की परीक्षा 11 अप्रैल से और 11वीं की 17 अप्रैल से होगी। झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के अध्यक्ष मो. ताहिर हुसैन ने जैक अध्यक्ष को पत्र लिखकर रजिस्ट्रेशन के लिए समय मांगा था। कई और लोगों ने भी समय की मांग की, लेकिन जैक ने ठुकरा दिया। अब जो बच्चे वंचित हो गये हैं उनका 1 साल बर्बाद हो गया। जिनका रजिस्ट्रेशन छूट गया है उनमें रांची 1800, बोकारो 1357, पू. सिंहभूम 900, प. सिंहभूम 700, सरायकेला 1300, गिरिडीह 300, पलामू 870, दुमका 913, साहेबगंज 437, पाकुड़ के 231 बच्चे शामिल हैं।
शुल्क बढ़ने से हुई परेशानी
बता दें कि राज्य के करीब 5 लाख बच्चों ने नौवीं और 11वीं के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। रजिस्ट्रेशन के लिए 1 अक्टूबर 2022 से 4 जनवरी 2023 तक का समय था। रजिस्ट्रेशन एवं परीक्षा शुल्क में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण गरीब घरों के बच्चे के माता पिता पैसों का जुगाड़ नहीं कर पाए। इधर जैक के सचिव महीप कुमार सिंह का कहना है कि रजिस्ट्रेशन के लिए काफी समय दिया गया था। अब समय नहीं दिया जा सकता। जिन बच्चों का रजिस्ट्रेशन छूटा है उनमें अधिकतर वैसे बच्चे ही हैं, जो स्कूल नहीं आते। अगर स्कूल आते तो रजिस्ट्रेशन कभी नहीं छूटता।