रांची : डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। आजसू की यशोदा देवी एनडीए की उम्मीदवार होंगी। रविवार को आजसू पार्टी ने इसकी घोषणा की। उपचुनाव में उनका मुकाबला झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी से होगा।
डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 5 सितंबर होगा और नतीजे 8 सितंबर को आयेंगे। इसे लेकर दोनों पार्टियों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। गौरतलब है कि जगरनाथ महतो के निधन के बाद डुमरी सीट खाली हो गयी थी।
इसके बाद चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी थी। झामुमो ने दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को सरकार में मंत्री बनाने के साथ डुमरी से झामुमो प्रत्याशी के रूप में उनकी घोषणा कर दी थी।
बीते विधानसभा चुनाव में यशोदा देवी दूसरे स्थान पर रही थीं। उन्हें जगरनाथ महतो ने 34288 मतों से शिकस्त देते हुए लगातार चौथी दफा इस सीट से चुनाव जीतने में सफलता हासिल की थी। यशोदा देवी के नाम की घोषणा होते ही अब इस सीट पर दो महिलाओं के बीच सीधी टक्कर के आसार बन गए हैं।