Yogi Adityanath Japan Visit:
टोक्यो, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जापान पहुंच गए हैं। राजधानी टोक्यो में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जापान पहुंचने पर उन्होंने कहा कि “उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्रीराम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार”, जिसे भारत-जापान सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों की मजबूती का संदेश माना जा रहा है।
मित्सुई एंड कंपनी के साथ रणनीतिक बैठक
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने Mitsui & Co. के प्रबंधन से मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनी को राज्य में निवेश कर ग्रोथ और ग्लोबल पार्टनरशिप को नई दिशा देने का आमंत्रण दिया।
कोनोइके ट्रांसपोर्ट कंपनी से भी बातचीत
मुख्यमंत्री ने Konoike Transport Co. Ltd. के वरिष्ठ प्रबंध अधिकारी शिगेकी तानाबे से भी मुलाकात की। इस दौरान लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश पर चर्चा हुई। सीएम ने कंपनी को उत्तर प्रदेश के मेडिकल डिवाइस पार्क में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने का न्योता भी दिया।
‘नया उत्तर प्रदेश’ निवेश के लिए तैयार
जापानी कंपनियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश पूरी तरह सुरक्षित है। राज्य में अनुकूल औद्योगिक नीति, बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 56% आबादी कार्यशील है और हर क्षेत्र के लिए कुशल व किफायती मानव संसाधन उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नया उत्तर प्रदेश’ अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
औद्योगिक सहयोग को नई गति
उन्होंने विश्वास जताया कि जापानी निवेश से भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को नई मजबूती मिलेगी और राज्य में रोजगार सृजन व तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान की पहली आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले सिंगापुर दौरे के दौरान राज्य लगभग 6,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आकर्षित करने में सफल रहा था। जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के चेयरमैन से भी उनकी बैठक प्रस्तावित है।







