Ghazala Hashmi: कौन हैं गजाला हाशमी, जिन्होंने अमेरिका में रचा इतिहास?

2 Min Read

Ghazala Hashmi:

वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका की राजनीति में भारतीय मूल की गजाला हाशमी ने नया इतिहास रच दिया है। हैदराबाद में जन्मीं 61 वर्षीय गजाला वर्जीनिया राज्य की पहली मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मूल की लेफ्टिनेंट गवर्नर बन गई हैं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन रीड को बड़े अंतर से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। 4 नवंबर को हुए मतदान के नतीजे आने के बाद भारत में भी उनकी जीत पर गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई।

कौन है गजाला हाशमी?

गजाला हाशमी का जन्म 1964 में हैदराबाद के मालकपेट में हुआ था। उनके पिता तनवीर हाशमी और मां जिया हाशमी शिक्षा जगत से जुड़े रहे। गजाला केवल 4 वर्ष की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गईं, जब उनके पिता जॉर्जिया यूनिवर्सिटी में पीएचडी कर रहे थे। तनवीर हाशमी का अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से गहरा संबंध रहा, जहां से उन्होंने एमए और एलएलबी की पढ़ाई की थी।

गजाला ने कहां से की पढ़ाई?

गजाला ने जॉर्जिया सदर्न यूनिवर्सिटी से स्नातक और एमोरी यूनिवर्सिटी, अटलांटा से अमेरिकी साहित्य में पीएचडी की डिग्री हासिल की। उन्होंने अजहर रफीक से विवाह किया और उनकी दो बेटियां हैं। 1991 में वह रिचमंड में बस गईं, जहां उन्होंने करीब 30 साल तक प्रोफेसर के रूप में अध्यापन किया।राजनीतिक जीवन की शुरुआत गजाला ने 2019 में डेमोक्रेटिक पार्टी से की थी, जब उन्होंने पहली बार चुनाव जीतकर वर्जीनिया सीनेट में प्रवेश किया। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें 2024 में सीनेट की शिक्षा एवं स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

आज गजाला की यह ऐतिहासिक उपलब्धि अमेरिका में प्रवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के लिए प्रेरणा बन गई है। वहीं, हैदराबाद से लेकर अलीगढ़ तक लोग उन्हें “भारत की बेटी जिसने अमेरिका में इतिहास रच दिया” कहकर बधाई दे रहे हैं।

इसे भी पढ़ें

Mamdani controversial statement: ममदानी ने उगला जहर, कहा- मोदी सरकार अल्पसंख्यों पर हिंसा कर रही, न्यूयॉर्क मेयर उम्मीदवार का गुरुद्वारे में विवादित बयान

Share This Article