Usman Hadi murder case: उस्मान हादी मर्डर केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी, हत्यारे का साथी हिमोन रहमान गिरफ्तार

3 Min Read

Usman Hadi murder case:

ढाका, एजेंसियां। बांग्लादेश में इंकलाब मंच के प्रमुख प्रवक्ता और युवा नेता शरीफ उस्मान बिन हादी की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल हत्यारे के साथी हिमोन रहमान शिकदर को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे खुफिया सूचना के आधार पर उसे नॉर्थ ढाका के अदाबार इलाके में स्थित एक होटल से पकड़ा गया, जहां वह छिपकर रह रहा था।

हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

पुलिस के मुताबिक, हिमोन रहमान के पास से एक विदेशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, आतिशबाज़ी का सामान, गन पाउडर और कच्चे बम बनाने से जुड़ी सामग्री बरामद की गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी हत्या की साजिश में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। इस मामले का मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद अब भी फरार है।

कौन थे उस्मान हादी?

शरीफ उस्मान हादी बांग्लादेश के चर्चित छात्र नेता और आंदोलनकारी थे। उन्होंने पिछले वर्ष तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया था। इन्हीं आंदोलनों के चलते शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी। हादी आगामी चुनावों में ढाका-8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर प्रचार कर रहे थे।

इंकलाब मंच और राजनीतिक पृष्ठभूमि

हादी शेख हसीना विरोधी संगठन ‘इंकलाब मंच’ के प्रमुख चेहरों में से एक थे। यह संगठन अवामी लीग के खिलाफ आंदोलनों को लेकर चर्चा में रहा है और बांग्लादेश की राजनीति में कट्टरपंथी रुख के लिए जाना जाता है।

12 दिसंबर को हुई थी गोलीबारी

12 दिसंबर 2025 को ढाका के पल्टन इलाके में ऑटो-रिक्शा से यात्रा के दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस्मान हादी को सिर में गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल एयरलिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

राजनीतिक माहौल गरमाया

हादी की हत्या ने बांग्लादेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। आगामी चुनावों से पहले यह घटना अंतरिम सरकार के लिए कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौती बन गई है।

Share This Article