Russia Ukraine war update: रूस-यूक्रेन युद्ध में नया मोड़, ओडिसा हमले के बाद 24 घंटे में यूक्रेन का रूस के सारातोव पर ड्रोन अटैक

3 Min Read

Russia Ukraine war update

कीव/ मॉस्को, एजेंसियां। रूस-यूक्रेन युद्ध में तनाव और तेज हो गया है। यूक्रेन ने अपने प्रमुख ओडिसा पोर्ट पर रूस द्वारा किए गए बैलिस्टिक मिसाइल हमले का जवाब देते हुए महज 24 घंटे के भीतर रूस के सारातोव क्षेत्र पर ड्रोन हमला किया। इस हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, एक रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हुई है और एक किंडरगार्टन व क्लिनिक की खिड़कियां टूट गईं।

रूस ने 41 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराने का दावा किया

रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि रात भर में रूस के अलग-अलग इलाकों में यूक्रेन के 41 ड्रोन मार गिराए गए। हालांकि, इसके बावजूद सारातोव में हुए हमले ने रूस की सुरक्षा तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्रोन हमलों की बढ़ती संख्या से साफ है कि युद्ध अब सीमावर्ती इलाकों से आगे बढ़ चुका है।

यूक्रेन में बिजली गुल, ऊर्जा ढांचे पर हमले

दूसरी ओर, यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र के गवर्नर ओलेक्सांद्र प्रोकुदिन ने बताया कि रूसी हमलों में ऊर्जा अवसंरचना को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कीव और उसके पश्चिमी सहयोगियों का आरोप है कि रूस जानबूझकर यूक्रेन के पावर ग्रिड को निशाना बना रहा है, ताकि सर्दियों में नागरिकों को बिजली, पानी और गर्मी से वंचित किया जा सके।

डोनाबास पर रूस का रुख सख्त

इस बीच, क्रेमलिन के वरिष्ठ सलाहकार यूरी उशाकोव ने साफ किया है कि अगर शांति समझौता भी हो जाता है, तब भी रूस पूर्वी यूक्रेन के डोनाबास क्षेत्र से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद भी वहां रूसी पुलिस और नेशनल गार्ड की तैनाती बनी रहेगी।

अमेरिकी मध्यस्थता और शांति वार्ता

रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका मध्यस्थता कर रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में शांति वार्ता जारी है, लेकिन सबसे बड़ी अड़चन रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों के भविष्य को लेकर है। इसी बीच जर्मनी ने घोषणा की है कि वह जल्द ही यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की मेजबानी करेगा, जिससे शांति प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share This Article